
चंडीगढ़, 19 जुलाई 2025: हरियाणा की सियासत में गर्मी तेज हो गई है। जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भाजपा सरकार दोनों पर तीखे प्रहार किए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक अवसर गंवाने और भाजपा पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया।
हुड्डा पर निशाना — “पुत्र मोह में गई कांग्रेस की सरकार”
रोहतक जिले में ‘युवा जोड़ो अभियान’ के तहत जनसभाओं को संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा:
“इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सरकार बनाने का पूरा मौका मिला था, लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पुत्र मोह में बनी बनाई सरकार खो दी।”
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद जनता के बीच साफ चर्चा थी कि कांग्रेस अपने भीतरू फैसलों के चलते सत्ता से चूक गई।
जनता का मोहभंग, जेजेपी बन रही विकल्प
दिग्विजय चौटाला ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस से परेशान जनता अब जेजेपी को विकल्प के तौर पर देख रही है। उन्होंने कहा:
“लोग चौधरी देवीलाल की नीतियों को फिर से अपनाने के लिए एकजुट हो रहे हैं। जेजेपी ही एकमात्र ऐसा दल है जो संघर्ष के दम पर प्रदेश की राजनीति में फिर से वापसी करेगा।”
“युवा बनेगे बदलाव की रीढ़”
उन्होंने युवाओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि जेजेपी जल्द एक मजबूत युवा संगठन खड़ा करेगी जो प्रदेश के हर जिले और हलके में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के रोजगार और शिक्षा को लेकर पूरी तरह असंवेदनशील है।
“पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती घोटालों ने हरियाणा के युवाओं को हताश कर दिया है।”



