विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने बसताड़ा गांव में 3 करोड़ 14 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी

घरौंडा, 30 मार्च: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने आज घरौंडा हलके के बसताड़ा गांव में अभिनंदन एवं जन समस्या सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। विधानसभा अध्यक्ष ने इस मौके पर 3 करोड़ 14 लाख रुपये की दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
पहली परियोजना के तहत जीटी रोड से गांव मुबारकाबाद तक 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से नई सड़क का शिलान्यास किया गया, जबकि दूसरी परियोजना के तहत गांव बसताड़ा में 1 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से तालाब के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया। इन दोनों परियोजनाओं से क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष का पगड़ी पहनाकर और पुष्प गुच्छ देकर गांववासियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि उनके तीसरी बार हलके की सेवा करने का सौभाग्य मिला है और अब आने वाले समय में सभी विकास कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हलके के सभी गांवों में कई विकास कार्य किए गए हैं, जिसमें मेडिकल यूनिवर्सिटी, आईटीआई, बस अड्डा, पुल और सड़क निर्माण शामिल हैं। साथ ही, आगामी वर्षों में हलके को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यों को पूरा किया जाएगा।



