दरिंदगी के बाद भी नहीं टूटा रिश्ता, मंगेतर ने थामा हाथ और बना लिया जीवनसाथी
फतेहपुर में सामने आई इंसानियत और भरोसे की मिसाल
Asheesh srivastava
इंसानियत और भरोसे की मिसाल
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने समाज को रिश्तों की असली ताकत और स्त्री सम्मान का संदेश दिया है। खागा क्षेत्र में गैंगरेप की शिकार युवती को उसके मंगेतर ने ठुकराने के बजाय पूरे सम्मान के साथ अपनाकर शादी रचा ली।
24 अप्रैल को हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात
जानकारी के मुताबिक 24 अप्रैल को युवती अपनी बुआ के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में तीन आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मंगेतर ने नहीं छोड़ा साथ
अक्सर ऐसी घटनाओं के बाद पीड़िताओं को सामाजिक तानों और टूटते रिश्तों का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस मामले में तस्वीर बिल्कुल अलग रही। युवती के मंगेतर ने उसका साथ छोड़ने के बजाय हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया और उसे सम्मान के साथ अपनाने का फैसला किया।
तांबेश्वर मंदिर में लिए सात फेरे
दोनों ने सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर में सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। शादी के दौरान दोनों परिवार मौजूद रहे और उन्होंने इस रिश्ते को अपना आशीर्वाद दिया।
परिवार बोला- पुरानी बातें भूलकर आगे बढ़ना चाहते हैं
दोनों परिवारों का कहना है कि वे अब बीती बातों को याद नहीं करना चाहते। उनका मानना है कि बेटा और बहू दोनों साथ खुश हैं और यही सबसे बड़ी बात है।



