कुरुक्षेत्र में गरजे दुष्यंत चौटाला: हुड्डा को बताया ‘एक्सपायरी दवा’, भाजपा सरकार को कहा ‘गायब सरकार’

कुरुक्षेत्र : हरियाणा की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई जब जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कुरुक्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मौजूदा सरकार को “गायब सरकार” करार देते हुए किसानों की अनदेखी का मुद्दा उठाया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को ‘एक्सपायरी दवा’ बताया और इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला के सवाल पर भड़क गए।
भाजपा पर निशाना: ‘गायब सरकार’ कहा
दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में तीन दिन की बारिश में लाखों एकड़ धान को नुकसान पहुंचा, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान तक नहीं आया।मुख्यमंत्री जापान में निवेश की बात कर रहे हैं, लेकिन अपने किसानों की कोई चिंता नहीं। ये सरकार नायब नहीं, गायब है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर भी तंज कसते हुए कहा कि यदि विदेशी यात्राओं से निवेश आता तो अब तक क्रांति आ चुकी होती।
हुड्डा पर तीखा प्रहार: ‘एक्सपायरी दवा’ का तंज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर दुष्यंत ने कहा कि हुड्डा 10 साल मुख्यमंत्री और 10 साल विपक्ष में रहे, लेकिन प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। 2009 में 6 विधायकों को तोड़कर सरकार बनाई। कांग्रेस को समझना चाहिए कि एक्सपायरी दवा बार-बार खाने से इलाज नहीं होता।
अभय चौटाला के सवाल पर भड़के
जब मीडिया ने इनेलो नेता अभय चौटाला से जुड़ा सवाल पूछा तो दुष्यंत चौटाला स्पष्ट रूप से नाराज दिखे। उन्होंने कहा हमने 8 साल पहले खुद की पार्टी बनाई, 10 विधायक खड़े किए और प्रदेश के लिए काम किया। अभय चौटाला के पास कोई काम नहीं है। हमारे लिए तो वो चैप्टर बहुत पहले बंद हो चुका है।
सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता: विज को दोबारा गृह मंत्री बनाने की मांग
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि व्यापारियों पर गोली चल रही है, लेकिन सरकार शराब के ठेकों की सुरक्षा में लगी है। हरियाणा में गृहमंत्री और लॉ एंड ऑर्डर नाम की कोई चीज़ नहीं बची। अनिल विज को दोबारा गृहमंत्री बनाया जाना चाहिए।“



