हरियाणा में कोरोना की वापसी: यमुनानगर में मिला 5वां मामला, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

हरियाणा में कोरोना वायरस एक बार फिर पांव पसारता नजर आ रहा है। राज्य में कोविड-19 के नए वैरिएंट ने दस्तक दे दी है और अब तक 5 सक्रिय मामले सामने आ चुके हैं। गुरुग्राम और फरीदाबाद के बाद अब यमुनानगर में एक महिला के पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
यमुनानगर की महिला मोहाली से लौटी, निकली कोरोना पॉजिटिव
यमुनानगर की कोरोना पॉजिटिव महिला हाल ही में राधा स्वामी सत्संग के लिए मोहाली गई थी। वहां तबीयत बिगड़ने पर मोहाली के अस्पताल में भर्ती कराई गई, जहां सैंपल जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई।
जिला सिविल सर्जन डॉ. पूनम चौधरी ने बताया कि महिला को पहले से सांस की बीमारी थी और अब उसके संपर्क में आए सभी लोगों की जांच शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने दी जानकारी, कहा – घबराने की जरूरत नहीं
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि,
“कोरोना की स्थिति पर विभाग पैनी नजर बनाए हुए है। फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है।“
उन्होंने बताया कि राज्य में अभी गुरुग्राम में दो, फरीदाबाद में दो, और यमुनानगर में एक एक्टिव केस है। सभी मरीजों की हालत स्थिर है और घर पर ही क्वारंटीन हैं। किसी को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है।
सभी संक्रमित ले चुके हैं वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सभी मरीज पहले ही एंटी कोविड-19 टीका लगवा चुके हैं, जिससे उनके लक्षण बहुत हल्के हैं। गुरुग्राम का एक मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुका है।
सावधानी जरूरी, अफवाहों से बचें
आरती राव ने नागरिकों से अपील की कि:
कोविड उपयुक्त व्यवहार (मास्क, दूरी, हाथ धोना) जारी रखें
भीड़भाड़ से बचें
लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट करवाएं
सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें



