अंबाला में विकास की रफ्तार तेज़, रेलवे से मिली मंज़ूरी के बाद रंगिया मंडी से जीटी रोड तक बनेगी नई रोड: कैबिनेट मंत्री अनिल विज

अंबाला/चंडीगढ़, 11 अप्रैल: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को अंबाला छावनी में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि रंगिया मंडी से जीटी रोड तक फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन के साथ-साथ एक नई रोड बनाने की रेलवे से मंजूरी मिल चुकी है। इससे न केवल ट्रैफिक को राहत मिलेगी, बल्कि जीटी रोड से शहर की ओर आना-जाना भी और आसान हो जाएगा।
करीब आधा किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण नन्हेड़ा फ्लाईओवर के पास किया जाएगा। नगर परिषद द्वारा पहले ही इसका सर्वे कराया गया था और अब रेलवे की अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने की संभावना है।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे से समन्वय कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। बैठक में नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता, एक्सईएन मनदीप सिंह और सचिव राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बारिश से पहले नालों की सफाई और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
मंत्री विज ने बरसात से पहले अंबाला छावनी के सभी प्रमुख नालों की व्यापक सफाई के निर्देश दिए। गुडगुडिया नाले, कबाड़ी बाजार पुलिया और महेश नगर ड्रेन को प्राथमिकता देने को कहा गया है।
बस क्यू शेल्टर्स और सुभाष पार्क का सौंदर्यकरण
अलग-अलग स्थानों पर यात्रियों की सुविधा के लिए 27 नए बस क्यू शेल्टर्स जल्द बनाए जाएंगे। इसके अलावा, सुभाष पार्क में फूड कोर्ट, वॉकिंग ट्रैक, टॉय ट्रेन और ओपन एयर थियेटर में हाई क्वालिटी साउंड सिस्टम जैसे कार्यों की योजना पर भी चर्चा हुई।
स्वागतद्वार और ऐतिहासिक प्रतीकों का निर्माण
मंत्री विज ने यमुनानगर से अंबाला में प्रवेश बिंदु पर स्वागतद्वार, सदर चौक पर छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा, और एसडी चटर्जी फुटबॉल चौक निर्माण को भी मंजूरी दी है। इन तीनों परियोजनाओं के लिए उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से राशि प्रदान की है।
विकास कार्यों की यह श्रृंखला अंबाला छावनी के चेहरा बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। मंत्री अनिल विज की सक्रियता और योजनाओं से जनता को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।



