पंजाब : सड़क किनारे खड़ी एक SUV कार में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिले।

पटियाला, 22 जून 2025: पंजाब के पटियाला जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राजपुरा के छरबर गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एक SUV कार में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिले। मृतकों की पहचान संदीप सिंह (45), उनकी पत्नी मंदीप कौर (40) और उनके बेटे अभय (18) के रूप में हुई है।
ट्रक चालक की सतर्कता से खुला राज़
पुलिस के अनुसार, सबसे पहले एक ट्रक चालक ने घटना की सूचना दी। बनूर-शंभू रोड से गुजरते वक्त उसने देखा कि एक SUV कार काफी समय से सड़क के किनारे खड़ी है, हॉर्न बजाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब उसने कार के अंदर देखा तो तीनों शव मिले।
गोली लगने के निशान, हत्या और आत्महत्या की आशंका
राजपुरा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मंजीत सिंह ने बताया कि मृतक संदीप सिंह प्रॉपर्टी सलाहकार थे और उनके पास लाइसेंसी पिस्तौल थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि संदीप ने पहले अपनी पत्नी मंदीप और बेटे अभय को गोली मारी, फिर खुद को भी गोली मार ली। तीनों के शरीर पर गोली के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
पुलिस ने वाहन जब्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले के पीछे के कारणों की जांच जारी है, जिसमें पारिवारिक कलह, मानसिक तनाव या अन्य किसी वजह को भी परखा जा रहा है।
क्षेत्र में शोक और सनसनी
यह दर्दनाक घटना पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा गई है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और सोच रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिससे एक खुशहाल परिवार का अंत इस तरह हुआ।



