पंजाब में बाढ़ से तबाही: केंद्रीय कृषि मंत्री ने किया प्रभावित जिलों का दौरा
Punjab Flood : पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अमृतसर, कपूरथला और गुरदासपुर जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय लोगों और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों और पीड़ितों के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता दी जाएगी।
1.5 लाख हेक्टेयर फसलें जलमग्न, 37 लोगों की मौत
राज्य सरकार के मुताबिक, अब तक पंजाब में 1.75 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ से प्रभावित हुई है। सबसे अधिक नुकसान गुरदासपुर जिले में हुआ है जहां 40,169 हेक्टेयर भूमि जलमग्न हो गई। अब तक राज्य में 37 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
अन्य प्रभावित जिले:
-
अमृतसर: 190 गांव प्रभावित
-
फाजिल्का: 111 गांव
-
होशियारपुर: 121 गांव
-
कपूरथला: 123 गांव
-
संगरूर: 107 गांव
कुल मिलाकर, 1,655 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जिनमें जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम विभाग का अलर्ट: और बारिश की संभावना
चंडीगढ़ मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पंजाब के कई जिलों में आने वाले दिनों में गरज-चमक और तेज़ बारिश की संभावना है। राजपुरा, डेरा बस्सी, मोहाली, चंडीगढ़ और खरड़ में भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। हरियाणा के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
शिवराज सिंह चौहान की अपील
बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा, “हम लगातार हालात पर नज़र रख रहे हैं। राज्य सरकार के साथ मिलकर राहत और पुनर्वास का कार्य किया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी फसल क्षति का मुआवजा जल्द मिले और आम लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध करवाई जाए।”



