Uttar-Pradesh

UP सरकार का बड़ा फैसला: सामूहिक विवाह में कन्याओं को मिलेगा ‘सिंदूरदानी’ का उपहार

लखनऊ, 29 मई 2025 – उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक नया और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब इस योजना के अंतर्गत शादी करने वाली कन्याओं को ‘सिंदूरदानी’ उपहार स्वरूप भेंट की जाएगी। यह फैसला हाल ही में सफल रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सम्मान में लिया गया है।

राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘हमारे समाज में सिंदूर और सिंदूरदानी का गहरा सांस्कृतिक महत्व है। विवाह समारोह में यह नारी सशक्तिकरण और पारिवारिक मूल्यों की प्रतीक है।’’ उन्होंने कहा कि यह उपहार सभी सामूहिक विवाह स्थलों पर वितरित किया जाएगा।

‘सिंदूर’ एक भावना, एक परंपरा: कपिल देव अग्रवाल

राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सिंदूर केवल एक सजावटी वस्तु नहीं, बल्कि भारतीय नारी की आस्था और तपस्या का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह आतंकियों ने ‘सिंदूर’ को निशाना बनाया, उसने पूरे देश की महिलाओं की भावनाओं को आहत किया। ऐसे में सरकार का यह फैसला एक सांस्कृतिक मर्यादा को पुनर्स्थापित करने जैसा है।’’

उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस योजना के तहत वित्तीय सहायता राशि को ₹51,000 से बढ़ाकर ₹1 लाख कर दिया है और अब ‘सिंदूरदानी’ देकर ‘एक पिता के आशीर्वाद’ का प्रतीकात्मक संदेश भी जोड़ दिया गया है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया और विपक्ष पर हमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना सभी जातियों और समुदायों को साथ लाकर एकजुटता का संदेश देती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि ‘‘सपा इस जैसे मुद्दों का राजनीतिकरण कर समाज को बांटने का काम करती रही है, लेकिन अब जनता उनके चरित्र को भलीभांति समझ चुकी है।’’

एनडीए सरकार के 11 साल पूरे, ‘संकल्प से सिद्धि अभियान’ का ऐलान

एनडीए सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा 7 जून से 20 जून तक ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान चलाएगी, जिसमें केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button