Haryana

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर नारी शक्ति को मिला तोहफा

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में महिलाओं को अनूठा तोहफा मिला। महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को समर्पित अभिनव पहल करते हुए प्रधानमंत्री ने आज मध्यप्रदेश से राष्ट्रव्यापी “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान और “8वें पोषण माह” सहित अन्य पहलों का शुभारंभ किया। हरियाणा में इस अभियान की शुरुआत रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की। समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्य प्रदेश से दिए गए संदेश को लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना गया। उल्लेखनीय है कि यह अभियान महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। यह अभियान महिलाओं के जीवन स्तर सुधारने के लिए, क्वालिटी ऑफ लाइफ बेहतर करने के लिए, वीमेन लेड डेवलपमेंट का नया युग देश में लाने की प्रधानमंत्री ने जो गारंटी दी थी, उसे पूरा करने की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगा। ‘8वें पोषण माह’ का उद्देश्य भी गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों और 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए पोषण के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है।

नमो वन का उद्घाटन

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर रोहतक शहर के सेक्टर- 2 में मियावाकी पद्धति से तैयार किए जा रहे नमो वन का उद्घाटन पौधरोपण के साथ किया। नमो वन के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की गरिमामयी उपस्थिति रही। नड्डा ने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर रोहतक वासियों संग नमो वन में करीब 10 हजार पौधे रोपित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। नमो वन में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं के साथ बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। पौधरोपण करते हुए पर्यावरण प्रेमियों से केंद्रीय मंत्री ने सीधा संवाद किया और कहा कि प्रधानमंत्री स्वच्छ पर्यावरण में स्वस्थ जीवन की विचारधारा के साथ देश को विकसित भारत की ओर ले जाने में अग्रसर हैं, ऐसे में हम सभी का ये दायित्व बनता है कि उनकी इस सकारात्मक सोच को सार्थक करने में सभी अपनी भूमिका निभाएं।

प्रदर्शनी में दिखाई दी स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार की झलक

प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ हुआ। रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने प्रदर्शनी का रिबन काटकर शुभारंभ किया। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा, जागरूकता और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना है। अभियान की अवधि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक रखी गई है। प्रदर्शनी में “स्वस्थ माँ, सुरक्षित शिशु – मजबूत समाज की नींव” जैसे प्रेरक संदेशों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की झलक दिखाई गई। अवलोकन के बीच मुख्य अतिथि नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button