Haryana

IGNOU करनाल रीजन में 1.72 लाख परीक्षार्थी देंगे दिसंबर 2025 की परीक्षाएं, हरियाणा की जेलों में भी बनाए गए 10 परीक्षा केंद्र

करनाल, 29 नवंबर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) की दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षाएं 1 दिसंबर 2025 से 14 जनवरी 2026 तक देशभर में आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डा. धर्म पाल ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि करनाल रीजन के अंतर्गत इस वर्ष कुल 1,72,663 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इग्नू ने सभी पात्र विद्यार्थियों के हॉल टिकट जारी कर दिए हैं, जिन्हें विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर लॉगिन कर डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी छात्र को हॉल टिकट या किसी अन्य प्रक्रिया में समस्या आती है, तो वह सीधे करनाल क्षेत्रीय केंद्र से संपर्क कर सकता है।

करनाल रीजन में बनाए गए 33 परीक्षा केंद्र, जिनमें 10 जेल केंद्र भी शामिल

परीक्षा संचालन के लिए हरियाणा के 10 जिलों—भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत और रोहतक—में कुल 33 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।

इनमें से 10 परीक्षा केंद्र हरियाणा की विभिन्न जेलों में बनाए गए हैं, जहां 1479 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। यह कदम जेलों में शिक्षा को बढ़ावा देने की इग्नू की पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कुछ प्रमुख परीक्षा केंद्रों की सूची

  • हिंदू कॉलेज, सोनीपत

  • गवर्नमेंट कॉलेज, हिसार

  • गवर्नमेंट नेशनल PG कॉलेज, सिरसा

  • एसआरएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन, हिसार

  • SKS कॉलेज, कुरुक्षेत्र

  • JCD PG कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सिरसा

  • विनायक पॉलिटेक्निक कॉलेज, करनाल

  • बुद्धा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, करनाल

  • MM कॉलेज, फतेहाबाद

  • CRM जाट कॉलेज, हिसार

  • सत्या कॉलेज ऑफ नर्सिंग, मेहम, रोहतक

  • पीकेजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, मतलोडा, पानीपत

परीक्षाएं दो सत्रों में आयोजित होंगी

  • प्रथम सत्र: सुबह 10:00 बजे – दोपहर 01:00 बजे

  • द्वितीय सत्र: दोपहर 02:00 बजे – शाम 05:00 बजे

परीक्षा संचालन को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्व में ही पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा नियंत्रकों को विस्तृत दिशा-निर्देश देने के लिए एक ओरिएंटेशन प्रोग्राम भी आयोजित किया गया।

परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश

  • परीक्षा केंद्र पर कम से कम 30 मिनट पहले पहुँचे

  • इग्नू ID कार्ड और हॉल टिकट साथ लाना अनिवार्य है।

  • प्रवेश पत्र में दिए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

  • परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को लाना सख्त वर्जित है।

इग्नू करनाल क्षेत्रीय केंद्र का कहना है कि परीक्षाएं शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button