ChandigarhHaryana

हरियाणा में स्वास्थ्य ढाँचे को सुदृढ़ करने का बड़ा फैसला: 135 नए स्वास्थ्य संस्थानों को मिली मंजूरी

चंडीगढ़, 13 सितंबर: हरियाणा सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए एक बड़ा और महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि सरकार ने 135 नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इन परियोजनाओं के लिए लगभग 74.43 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

 

126 सब हेल्थ सेंटर और 9 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स का निर्माण

इनमें से 126 सब हेल्थ सेंटर बनाने की योजना है, जिन पर लगभग 69.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा, 9 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स के निर्माण को भी मंजूरी मिली है, जिन पर लगभग 4.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इन स्वास्थ्य केंद्रों को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पलवल, पानीपत और सोनीपत जैसे जिलों में स्थापित किया जाएगा। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स सिरसा, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर और पानीपत जिलों में बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की प्रतिबद्धता

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक को बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं सहज और समय पर उपलब्ध हों।”

डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण को प्राथमिकता देने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

यथाशीघ्र नए स्वास्थ्य संस्थान स्थापित करने का आश्वासन

आरती सिंह राव ने यह भी कहा कि जहां भी जरूरत महसूस होगी, वहां नए स्वास्थ्य संस्थान शीघ्र बनाए जाएंगे। यह कदम प्रदेश के ग्रामीण और शहरी इलाकों में स्वास्थ्य सेवा की पहुंच को मजबूत करेगा और मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button