ChandigarhHaryanaState News

हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान: सरस्वती नदी और राखीगढ़ी सभ्यता को पुनर्जीवित करने के लिए बनेगा सार्वजनिक ट्रस्ट

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वैष्णो देवी और शिरडी यात्रा भी होगी शुरू

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को संरक्षित करने के लिए बड़े कदमों की घोषणा की है। सरकार सरस्वती नदी और राखीगढ़ी सभ्यता को पुनर्जीवित करने के लिए हरियाणा सप्त सिन्धु सरस्वती साहित्य, कला व संस्कृति ट्रस्ट बनाएगी, जिसके लिए 25 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने बजट सत्र में की बड़ी घोषणाएं

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र 2025-26 के दौरान मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री के रूप में 262.31 करोड़ रुपये सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के लिए आवंटित किए। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की, जिनमें धार्मिक पर्यटन और ऐतिहासिक स्मारकों के विकास पर जोर दिया गया।

 

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में वैष्णो देवी और शिरडी शामिल

हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत माता वैष्णो देवी और शिरडी सांई मंदिर की यात्रा शुरू करने की घोषणा की। यह योजना उन बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं। इससे पहले, सरकार अयोध्या तीर्थ दर्शन और प्रयागराज महाकुंभ स्नान यात्रा को सफलतापूर्वक आयोजित कर चुकी है।

 

गुरु रविदास स्मारक के लिए नया ट्रस्ट

गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार पीपली में गुरु रविदास स्मारक का निर्माण कर रही है। इस स्मारक के पर्यवेक्षण और प्रशासन के लिए एक अलग ट्रस्ट बनाया जाएगा, जिसे शुरुआती तौर पर 5 करोड़ रुपये की निधि दी जाएगी।

 

बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक के लिए 10 करोड़ का बजट

मुगलों के खिलाफ आवाज उठाने वाले और खालसा राज के संस्थापक बाबा बंदा सिंह बहादुर के सम्मान में बन रहे लोहगढ़ स्मारक के निर्माण और प्रशासन के लिए सरकार 10 करोड़ रुपये की सहायता राशि देगी।

 

सरकारी कर्मचारियों की तरह मीडियाकर्मियों को भी कैशलेस मेडिकल सुविधा

हरियाणा सरकार ने मीडियाकर्मियों के लिए ‘कैशलेस मेडिकल ट्रीटमेंट’ सुविधा देने का ऐलान किया है। यह सुविधा सरकारी कर्मचारियों को पहले से दी जा रही थी, लेकिन अब मीडिया के क्षेत्र में काम करने वाले पत्रकारों और अन्य कर्मियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

 

हरियाणा में उत्सवों और मेलों के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित

सरकार तीज, त्योहार, मेले और उत्सवों के आयोजन के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित कर रही है। इन कार्यक्रमों में जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि हरियाणा की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके।

 

हरियाणा में बनेगा सिख संग्रहालय

हरियाणा सरकार ने पिपली में सिख संग्रहालय बनाने की घोषणा की है। यह संग्रहालय सिखों के गौरवशाली इतिहास और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करेगा। सरकार ने बताया कि एचएसवीपी (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) द्वारा इस संग्रहालय का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button