अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का निधन, पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की सक्रिय नेता
लखनऊ में तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
Asheesh srivastava
Up की राजनीति से जुड़े यादव परिवार से बुधवार सुबह एक दुखद खबर सामने आई। समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के सौतेले भाई और बीजेपी नेता Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया। वह करीब 38 वर्ष के थे।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी के बेटे थे प्रतीक
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री Mulayam Singh Yadav और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह Akhilesh Yadav के सौतेले भाई थे।
राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक यादव हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रहे। उन्होंने अब तक कोई चुनाव नहीं लड़ा और न ही समाजवादी पार्टी में कोई बड़ा पद संभाला।
बिजनेस और फिटनेस सेक्टर से जुड़े थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव अपनी फिटनेस लाइफस्टाइल और बिजनेस गतिविधियों को लेकर जाने जाते थे। उन्होंने लंदन की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की थी। सोशल मीडिया पर भी उनकी फिटनेस से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो अक्सर चर्चा में रहते थे।
सेहत को लेकर बेहद सजग रहने वाले प्रतीक के अचानक निधन की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है।
कौन हैं अपर्णा यादव?
Aparna Yadav उत्तर प्रदेश की चर्चित महिला नेताओं में गिनी जाती हैं। वह मूल रूप से उत्तराखंड के बिष्ट परिवार से आती हैं। अपर्णा ने राजनीति में समाजवादी पार्टी से शुरुआत की थी, लेकिन बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं।
वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और बीजेपी में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। अपर्णा यादव अक्सर महिला सशक्तिकरण, सामाजिक मुद्दों और हिंदुत्व से जुड़े विषयों पर मुखर नजर आती हैं।
परिवार में शोक का माहौल
प्रतीक यादव के निधन के बाद यादव परिवार में शोक का माहौल है। राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने भी इस घटना पर दुख जताया है। फिलहाल परिवार की ओर से अंतिम संस्कार और अन्य कार्यक्रमों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



