एएसआई संदीप लाठर मामला: परिवार ने अंतिम संस्कार से किया इंकार, न्याय की मांग पर अड़ा

रोहतक — हरियाणा में एएसआई संदीप लाठर के आत्महत्या मामले ने नया मोड़ ले लिया है। संदीप के परिवार ने अभी तक उनके शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिवार का कहना है कि जब तक आईपीएस वाई पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी कुमार को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे संदीप का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। फिलहाल, उनका शव रोहतक के लाढौत रोड स्थित मामा के घर में रखा गया है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने परिवार से की मुलाकात
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बुधवार को संदीप लाठर के परिवार से रोहतक में मुलाकात की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार और महिपाल ढांडा भी मौजूद थे। परिजनों ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री बिना मीडिया से बात किए वहां से चले गए।
परिवार को मिला न्याय का आश्वासन
परिवार के रिश्तेदार सत्यवान लाठर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा, “हम न्याय की मांग कर रहे हैं और संदीप ने जो वीडियो छोड़ा है, उसकी पूरी जांच होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और यह भरोसा दिया है कि उचित कार्रवाई की जाएगी। अब पूरा परिवार बैठकर आगे की रणनीति बनाएगा।”
मामला तूल पकड़ रहा है
एएसआई संदीप लाठर की आत्महत्या ने हरियाणा पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिवार का गुस्सा तब और बढ़ गया जब उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में संदेहास्पद गतिविधियां हो रही हैं। अंतिम संस्कार टालने के पीछे उनका यह भी मानना है कि दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए।



