
अंबाला, 12 मार्च: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी नगर परिषद चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को जनता का आशीर्वाद बताया। भाजपा ने 32 में से 25 सीटों पर विजय हासिल कर नगर परिषद पर भारी बहुमत से कब्जा जमाया, वहीं प्रधान पद भी भाजपा के खाते में गया।
चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा, “यह जीत मेरे द्वारा दिन-रात किए गए विकास कार्यों का इनाम है। मैं और सभी जीते-हारे हुए उम्मीदवार मिलकर अंबाला छावनी को नई बुलंदियों तक ले जाएंगे।”
भाजपा पर जनता की मोहर, विपक्ष का सूपड़ा साफ
अनिल विज ने कहा कि हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की राजनीति पर अपनी सहमति की मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा, “प्रदेश के अधिकांश नगर निकायों में भाजपा ने परचम लहराया है। इससे साफ है कि हरियाणा में विपक्षी पार्टियों का सफाया हो चुका है और जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है।”
समर्थकों ने मनाई जीत की होली
भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत पर अंबाला छावनी में समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने रंग-बिरंगे गुलाल उड़ाकर होली मनाई और मिठाइयां बांटी।
‘गद्दारों की साजिश भी नाकाम रही’ – विज
विज ने विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, “पिछले चुनाव में कुछ गद्दारों ने षड्यंत्र रचा था, लेकिन जनता ने मुझे सातवीं बार जिताकर एक मिसाल कायम की है।”
‘हरियाणा में विपक्ष खत्म हो गया’
अंबाला शहर के मेयर चुनाव में भी भाजपा की जीत पर विज ने कहा कि हरियाणा में जहां-जहां चुनाव हुए, भाजपा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, “इस जीत ने सिद्ध कर दिया है कि विपक्षी पार्टियों की नकारात्मक राजनीति को जनता ने दुत्कार दिया है और हरियाणा में विपक्ष अब खत्म हो गया है।”
हुड्डा के गढ़ में कांग्रेस की हार
कांग्रेस के गढ़ में पार्टी के हारने पर विज ने कहा, “अब जनता विपक्षी नेताओं के असली चेहरे पहचान चुकी है। लोग विकास चाहते हैं, न कि झूठे वादे।”
अंबाला छावनी में विकास को मिलेगी नई रफ्तार
अंत में अनिल विज ने भरोसा दिलाया कि अंबाला छावनी में विकास कार्यों को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा, “मैं चुनाव से पहले कह चुका था कि सभी पार्षदों के सहयोग से छावनी को नई ऊंचाइयों तक ले जाऊंगा और अब इस वादे को पूरा करूंगा।”



