वक्फ बोर्ड संशोधन बिल पर अनिल विज का बड़ा बयान, बोले- चोरी-ठगी रोकने के लिए जरूरी

अंबाला/चंडीगढ़, 3 अप्रैल – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस बिल का उद्देश्य देशभर में हो रही वक्फ संपत्तियों की लूट को रोकना है। विज ने स्पष्ट किया कि यह पहली बार नहीं है जब वक्फ बोर्ड अधिनियम में संशोधन हुआ है, इससे पहले भी इसमें पांच बार बदलाव किए जा चुके हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अब नरेंद्र मोदी का सूरज सालों-साल चमकेगा, जबकि विपक्षियों के लिए अंधेरा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का काम लूट-खसोट को रोकना होता है, और यही उद्देश्य इस बिल के पीछे है।
इसके अलावा, विज ने पंजाब सरकार पर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद राज्य में नशे की समस्या बढ़ गई है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को “ज्ञान बहादुर” बताते हुए कहा कि केवल ज्ञान देने से हालात नहीं बदलते, बल्कि धरातल पर काम करने की जरूरत होती है।
विज ने किसानों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा और कहा कि किसान धरने पर पंजाब में बैठे हैं, जहां इंडी गठबंधन की सरकार है, ऐसे में बीजेपी को निशाना बनाने का कोई औचित्य नहीं है।



