करनाल में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने की 22 योजनाओं की समीक्षा

करनाल, 9 नवंबर 2025 – करनाल में रविवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय आवासन, ऊर्जा एवं शहरी मामले के मंत्री मनोहर लाल ने केंद्र और राज्य सरकार की 22 प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के तेज और पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
11 विभागों की 22 योजनाओं की समीक्षा
बैठक में केंद्रीय मंत्री ने 11 विभागों की 22 महत्वपूर्ण योजनाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि विकासात्मक परियोजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें धरातल पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
मंत्री ने निर्देश दिया कि अधिकारी “लक्ष्य पूरा करने तक सीमित न रहें, बल्कि जनता को वास्तविक लाभ देने के लिए योजनाओं का स्थानीय स्तर पर प्लान तैयार करें।”
पीएम आवास योजना पर विशेष जोर
मनोहर लाल ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी और ग्रामीण) में ज्यादा से ज्यादा पात्र लाभार्थियों को आवेदन करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,अगले पाँच वर्षों में पीएम आवास योजना के तहत देश में 3 करोड़ मकानों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है — जिनमें 1 करोड़ शहरी और 2 करोड़ ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पात्र लोग पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, और प्रशासन को इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करें: विज
कृषि विभाग की ‘आत्मा योजना’ की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कृषि विभाग के उपनिदेशक को निर्देश दिए कि वे किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि किसानों को प्रशिक्षण दिलाकर उनकी उत्पादन लागत घटाई जा सकती है और आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सकती है।
स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मुद्रा योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आसान लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। लोगों को योजना के प्रति जागरूक किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा नागरिक आत्मनिर्भर बन सकें
विकास योजनाओं में पारदर्शिता पर बल
मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का उद्देश्य विकास को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणाम आधारित दृष्टिकोण अपनाया जाए।



