खेती अब सिर्फ गेहूं-धान तक नहीं, किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस : कृष्ण कुमार बेदी

नरवाना : हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार की नीतियों और योजनाओं का केंद्र बिंदु किसान कल्याण है। सरकार यह भली – भांति समझती है कि हरियाणा एक कृषि प्रधान राज्य है और किसानों की समृद्धि के बिना प्रदेश की तरक्की संभव नहीं है। इसी सोच के साथ केंद्र व राज्य सरकार मिलकर कृषि को एक लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में लगातार ठोस और दूरदर्शी कदम उठा रही है, जिनका सीधा लाभ किसानों के साथ-साथ खेत मजदूरों को भी मिल रहा है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी वीरवार को नरवाना में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले सरकार की योजनाएं केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित रहती थीं, लेकिन मौजूदा सरकार ने कृषि के दायरे को व्यापक बनाया है। अब खेती को केवल गेहूं और धान तक सीमित न रखते हुए फल, फूल, सब्जियां, मत्स्य पालन, पटसन, काजू, गरम मसाले जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों और गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे किसानों की आय के नए स्रोत खुले हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। कैबिनेट मंत्री बेदी ने बताया कि इन फसलों की खेती करने वाले किसानों को सरकार द्वारा सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध करवाने का सराहनीय प्रावधान किया गया है। किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक और अन्य आवश्यक कृषि सामग्री खरीदने के लिए केवाईसी के माध्यम से आसान ऋण सुविधा दी जा रही है।



