प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक: राष्ट्रीय सुरक्षा, नीति और औद्योगिक विकास पर चर्चा की संभावना

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह 11 बजे अपने आधिकारिक आवास पर केंद्रीय मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक देश और दुनिया में तेजी से बदलते हालात के बीच आयोजित हो रही है, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा, नीति, औद्योगिक विकास और कोयला लिंक नीति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर गहन चर्चा की संभावना है।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब सरकार ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। पिछले कैबिनेट बैठकों में भी इसी दिशा में बड़े निर्णय लिए गए थे। उदाहरण के तौर पर, 14 मई को उत्तर प्रदेश के यीडा क्षेत्र में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत 3,700 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित करने को मंजूरी दी गई। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट और ड्राइवर चिप्स जैसे तकनीकी उत्पादों पर भी फोकस किया गया, जिससे देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिले।
कोयला लिंकेज नीति पर भी गत महीने की बैठक में अहम फैसले लिए गए थे, जिससे ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास को बल मिला है। अब इस नीति के सुधार और विस्तार पर नई बैठक में विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान ‘मेड इन इंडिया’ को लेकर जोरदार संदेश दिया था कि देश को अब विदेशी निर्भरता से बाहर निकलकर अपनी जरूरतों के 90% से अधिक सामान देश में ही उपलब्ध कराना चाहिए। यही आत्मनिर्भर भारत का असली मकसद है। गुजरात से लौटते ही पीएम मोदी सीधे इस अहम कैबिनेट बैठक में भाग लेंगे, जो देश की रणनीतिक नीतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



