दिल्ली से जेपी नड्डा ने वर्चुअली किया हरियाणा के तीन भाजपा जिला कार्यालयों का उद्घाटन

नई दिल्ली/चंडीगढ़, 6 जुलाई 2025 – भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को हरियाणा के झज्जर, कुरुक्षेत्र और सिरसा जिलों में पार्टी के नए कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय से रिमोट के माध्यम से उद्घाटन करते हुए नड्डा ने इन कार्यालयों को “संस्कार के केंद्र” बताया और कहा कि ये राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी उपस्थित रहे। नड्डा ने दिल्ली के तीन अन्य भाजपा कार्यालयों का भी एक साथ उद्घाटन किया। सभी जिला केंद्रों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली से जोड़ा गया था।
जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “डॉ. मुखर्जी ने विचारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनकी प्रेरणा से भाजपा आज एक वटवृक्ष के रूप में देश में खड़ी है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुरक्षा और सुशासन के जरिए वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान बनाई है। पुलवामा और पहलगाम हमलों के जवाब में भारत की त्वरित कार्रवाई को “न्यू नॉर्मल” बताया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया।
नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में देश ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। 772 जिला कार्यालय बनाने के संकल्प का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 582 कार्यालय बन चुके हैं और शेष जल्द पूरे होंगे।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान करते हुए कहा, “भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है, जो सेवा को नारा नहीं बल्कि कार्यपद्धति मानती है।”



