हरियाणा में बनेगी एशिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी -मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 6 जुलाई 2025 — हरियाणा अब एक ऐतिहासिक बदलाव की दहलीज़ पर खड़ा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अरावली की पहाड़ियों में एशिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी विकसित करने का निर्णय लिया है, जो न सिर्फ इको-टूरिज्म को बढ़ावा देगी, बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र भी बनेगी।
इस मेगा प्रोजेक्ट की प्रेरणा के रूप में मुख्यमंत्री सैनी ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह के साथ गुजरात के वनतारा (जामनगर) का दौरा किया और आधुनिक सफारी पार्क के मॉडल का गहन अध्ययन किया।
मुख्यमंत्री सैनी खुद इस परियोजना की निगरानी कर रहे हैं और समय-समय पर इसकी समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने वन एवं पर्यावरण विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि यह सफारी पूरी तरह ईको-सस्टेनेबल होनी चाहिए।
हरियाणा बनेगा इको-टूरिज्म का राष्ट्रीय मॉडल
सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि यह जंगल सफारी सिर्फ एक पर्यटन स्थल न होकर हरियाणा को इको-टूरिज्म में भारत का अग्रणी राज्य बनाए। परियोजना से जुड़े पर्यटन और वन विभाग इसे संयुक्त रूप से मूर्त रूप देंगे।



