हरियाणा में 25 सितंबर से शुरू होगी ‘लाड़ो लक्ष्मी योजना’, महिलाओं को मिलेगा ₹2100 महीना — जानिए पूरी जानकारी

हरियाणा सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुवार को चंडीगढ़ में कैबिनेट बैठक के बाद घोषणा की कि 25 सितंबर 2025 से हरियाणा की महिलाओं को हर महीने ₹2100 की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस योजना का नाम रखा गया है ‘लाड़ो लक्ष्मी योजना’, जिसके लिए सरकार ने पहले ही बजट में ₹5000 करोड़ का प्रावधान किया है।
योजना के मुख्य बिंदु:
लाभार्थी: 25 सितंबर 2025 तक 23 वर्ष या उससे अधिक उम्र की अविवाहित और विवाहित महिलाएं।
आय सीमा: शुरूआती चरण में उन परिवारों को शामिल किया जाएगा जिनकी वार्षिक आय ₹1 लाख से कम है।
पारिवारिक लाभ: एक परिवार में जितनी महिलाएं हों, सभी को लाभ मिलेगा। उदाहरण के लिए, एक परिवार में 3 महिलाएं हों तो तीनों को ₹2100-₹2100 महीना मिलेगा।
पेंशनधारक बाहर: जो महिलाएं पहले से पेंशन ले रही हैं, वे इस योजना का लाभ नहीं लेंगी।
गंभीर बीमारियों वाले पात्र: स्टेज 3 और 4 के कैंसर, 54 दुर्लभ बीमारियों, हीमोफिलिया, थैलेसिलमिया और सिकल सेल से पीड़ित महिलाओं को अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा।
पात्रता के लिए जरूरी शर्तें:
महिला या उनके पति को हरियाणा में पिछले 15 वर्षों से मूल निवासी होना चाहिए।
आयु 23 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
पारिवारिक वार्षिक आय ₹1 लाख से कम हो।
आवेदन कैसे करें?
सरकार योजना के लिए एक मोबाइल ऐप लॉन्च करेगी, जिससे महिलाएं घर बैठे आवेदन कर सकेंगी। पात्र महिलाओं को SMS के माध्यम से आवेदन का लिंक भेजा जाएगा। पंचायत और वार्ड स्तर पर पात्र महिलाओं की सूची प्रकाशित की जाएगी और किसी भी आपत्ति को दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी के बयान:
सीएम ने बताया कि योजना के पहले चरण में लगभग 19-20 लाख महिलाओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा,“हमारा संकल्प पत्र गीता के समान है। हम अपने वादों को पूरा कर रहे हैं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर नई योजनाएं ला रही है और हरियाणा सरकार भी इसी दिशा में काम कर रही है।



