HaryanaRayta Specialराजनीति

“कांग्रेस अपना नेता खुद चुनेगी” — हरियाणा में कुमारी शैलजा का बीजेपी पर पलटवार, चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल

अंबाला , 29 अगस्त 2025:  कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने अंबाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि “कांग्रेस अपना नेता खुद चुनेगी, भाजपा को इस पर चिंता करने की ज़रूरत नहीं है।” उन्होंने विपक्ष के नेता को लेकर भाजपा द्वारा उठाए जा रहे सवालों को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि “भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांके, उनका खुद हिमाचल में संगठन नहीं बन पा रहा है।”

कुमारी शैलजा ने देश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में अपराध बेलगाम हो चुका है और अपराधियों में अब कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब भाजपा की “गलत नीतियों” के खिलाफ खुलकर आवाज़ उठा रही है और जन-जन को जागरूक किया जा रहा है।

“वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान का जिक्र

उन्होंने बताया कि कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत हरियाणा में अध्ययन जारी है और जल्द ही इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जनता के सामने लाई जाएगी। इस अभियान के जरिए कांग्रेस जनता तक यह संदेश पहुंचाना चाहती है कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों को जवाब दिया जाना चाहिए।

चुनाव आयोग पर भी उठे सवाल

कुमारी शैलजा ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग जवाब देने की बजाय राहुल गांधी से सवाल कर रहा है, जबकि बिहार में भी लोगों के बीच संशय की स्थिति बनी हुई है।” उन्होंने आग्रह किया कि आयोग को स्पष्ट रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि लोकतंत्र की संस्थाओं पर जनता का विश्वास बना रहे।

अमेरिकी टैरिफ पर भारत को लेकर चिंता

अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को लेकर भी कुमारी शैलजा ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि “जिन देशों से दोस्ती की बातें की जा रही थीं, अब न तो दोस्ती बची है और न ही भारत के साथ न्याय। भारत एक मजबूत अर्थव्यवस्था है और 80 के दशक से निरंतर प्रगति कर रहा है।” उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से देश के विकास की यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है और ऐसे फैसलों से भारत के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button