हरियाणा में भाजपा की लहर, छावनी में बड़ी जीत : मनोहर लाल
भाजपा पदाधिकारियों के संग फूलों की होली खेली

चंडीगढ़,
केंद्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर समय चुनाव के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने अंबाला छावनी में निकाय चुनाव विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए जनहित में कार्य करने का आह्वान किया। होली के अवसर पर उन्होंने अंबाला छावनी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज एवं भाजपा पदाधिकारियों के संग फूलों की होली खेली और शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की लहर है, जिसे जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव में अम्बाला छावनी, अम्बाला शहर व पूरे हरियाणा में भाजपा बड़े अंतर से विजयी हुई है। भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते कांग्रेस और अन्य दल कमजोर हो चुके हैं। उन्होंने 2014 से अब तक भाजपा की लोकसभा, विधानसभा, निकाय और ग्रामीण चुनावों में लगातार जीत का उल्लेख किया।
छावनी के विकास में मनोहर लाल का अहम योगदान : अनिल विज
ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी के विकास में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कई परियोजनाओं को स्वीकृति दी और विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी। विज केंद्रीय चुनाव कार्यालय में होली के अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के आगमन पर भाजपा नेताओं को संबोधित कर रहे थे। विज ने मनोहर लाल के समक्ष अंबाला से चंडीगढ़ तक मेट्रो ट्रेन चलाने की मांग उठाई, जिस के बनने से लाखों लोगों को लाभ होगा। उन्होंने अंबाला के डोमेस्टिक एयरपोर्ट के लिए 130 करोड़ रुपये स्वीकृत कराने में केंद्रीय मंत्री के सहयोग की सराहना की।



