Haryana

विपक्ष का एक ही एजेंडा, वोट लो और शोषण करो : मुख्यमंत्री नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्षी दलों का एक ही एजेंडा है, वोट लो और शोषण करो। इस क्षेत्र के लोगों के साथ उन्होंने हमेशा झूठे वायदे किए और विकास की बजाय यहां पिछड़ेपन को रखा। मुख्यमंत्री रविवार को जींद में आयोजित धन्यवाद व विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली के संयोजक हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण कुमार मिड्ढा ने जींद पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 253 करोड़ रूपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।

रैली में उपस्थित भारी भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जींद की यह भूमि परिश्रम और प्रगति का संगम है। यह हरियाणा की वह धड़कन है, जहां जब किसान का पसीना मिट्टी में मिलता है, तो देश के अन्न भंडार भर जाते हैं। मैं इस वीर भूमि पर आयोजित इस धन्यवाद व विकास रैली में आए सभी बुजुर्गो, माताओं-बहनों और युवा साथियों का हार्दिक वंदन करता हूं।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जींद को लम्बे समय से नजर अंदाज किया गया। झूठे वायदे करके आपके वोटों की फसल तो दो-दो-तीन-तीन पीढ़ियों तक काटी गई, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया। परिवारवाद की दलदल में फंसे लोग आपके बच्चों के भविष्य को लेकर संजीदा नहीं रहे। उन्होंने सिर्फ अपने बच्चों का भविष्य ही सुरक्षित किया है, लेकिन हमने इस क्षेत्र का हक सूद समेत लौटाने का काम किया है।

2 हजार 217 करोड़ 61 रुपये खर्च किए

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी नॉनस्टॉप डबल इंजन सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को जमीन पर उतारकर दिखाया है। सरकार ने हर क्षेत्र और हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई हैं और उन्हें पारदर्शिता के साथ लागू किया है। इस हलके में विकास कार्यों पर पिछले साढ़े 11 वर्षों में 2 हजार 217 करोड़ 61 लाख रुपये खर्च किए हैं। जबकि, कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में मात्र 380 करोड़ 97 लाख रुपये खर्च किये गये थे।

खराबे में दिया हजारों करोड़ का मुआवजा

मुख्यमंत्री ने किसान हित में किए गए फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि किसान हित सरकार की नीतियों के केन्द्र में है। आज किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। इस समय रबी फसलों की खरीद का सीजन चल रहा है। हमने इसके दाने-दाने की खरीद के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। उन्होंने फसल खराबे पर बोलते हुए कहा कि सरकार ने इसके लिए गत साढ़े 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी है। जबकि कांग्रेस सरकार के 10 साल के शासनकाल में 1 हजार 138 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की गई थी।

सरकार ने जींद की बदली तस्वीर और तकदीर : मिड्ढा

जींद में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं रैली संयोजक डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रहे है, उनकी कार्यशैली से हर वर्ग प्रभावित है। डॉ. मिड्डा ने जींद के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय था जब जींद को हरियाणा के पिछड़े जिलों में गिना जाता था। यहां विकास की गति धीमी थी, सड़कें टूटी हुई थीं और लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था। लेकिन वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में जींद की तस्वीर और तकदीर बदली है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा की माता विद्यादेवी,  जवाहर सैनी, हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बोर्ड के चेयरमैन अमरपाल राणा सहित गणमान्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button