पंचकूला : मुख्यमंत्री ने ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का किया शुभारंभ, ऐप लॉन्च

पंचकूला : हरियाणा सरकार ने अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को विकास, अंत्योदय उत्थान और नारी शक्ति को समर्पित करते हुए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं और परियोजनाओं की सौगात जनता को दी। इस अवसर पर वीरवार को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत की और योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए विशेष मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया। मुख्यमंत्री ने आवेदन के समय आने वाली समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001802231 और हेल्पलाइन नंबर 01724880500 भी लॉन्च किया। कार्यक्रम के दौरान ही योजना के तहत पात्र पांच महिलाओं का लाइव पंजीकरण भी करवाया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि मोबाइल ऐप लॉन्च होने के कुछ समय के भीतर ही लगभग 50 हजार महिलाओं ने अपने मोबाइल पर इस ऐप को डाउनलोड किया है और लगभग 8,000 महिलाओं ने आवेदन किया है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देते हुए 326.25 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने की दिशा में 78.04 करोड़ रुपये की लागत के 31 उद्घाटन और 78.12 करोड़ रुपये की लागत की 97 परियोजनाओं के शिलान्यास शामिल हैं। इसके अलावा 80 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से 10 स्वास्थ्य संस्थाओं का नवीनीकरण भी किया गया है। साथ ही, लोक निर्माण विभाग व शहरी स्थानीय निकाय की एक-एक परियोजना का शिलान्यास भी किया गया है, जिनकी लागत 89 करोड़ 37 लाख रुपये है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर हरियाणा सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
20 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ 23 वर्ष से 60 वर्ष की आयु की उन विवाहित व अविवाहित बहनों को मिलेगा, जिनके परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये तक है। 2100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता पात्र महिलाओं के बैंक खातों में मिलनी शुरू हो जाएगी। इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण बात है कि एक परिवार की कितनी भी महिलाएं पात्र हों, सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना का 2025-26 का वार्षिक बजट 5 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है। पहले चरण में प्रदेश की लगभग 20 लाख माताओं बहनों को इसका लाभ मिलेगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल : कल्याण
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती एवं सेवा पखवाड़े के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ राज्य की बेटियों व महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन पर चलते हुए वर्तमान सरकार लगातार गरीब और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति है।
योजना बनेगी मील का पत्थर : कृष्ण बेदी
इस अवसर पर सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि यह दिन हरियाणा वासियों के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि अंत्योदय की भावना से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री ने बहनों और बेटियों के लिए लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ और मोबाइल ऐप लॉन्च कर एक नई पहल की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण व उत्थान के लिए समय समय पर विभिन्न पहल की गई है। राज्य की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ हुआ है।
ज्योतिबा फुले ने जगाई महिला शिक्षा की अलख : आरती राव
स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले ने शिक्षा आंदोलन की अलख जगाई थी। कल्पना चावला से लेकर सुनीता विलियम्स जैसी महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया है। महिला संस्कारों से देश को रोशनी मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया है। उन्होने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत करने के साथ साथ स्वास्थ्य विभाग की करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास किया है। इनमें भिवानी व कोरियावास महेंद्रगढ़ के मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन भी शामिल है।



