मुख्यमंत्री ने किया श्रमदान : ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’

पंचकूला : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर निकायों में स्वच्छता के प्रति प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करने के उद्देश्य से स्वच्छता रैंकिंग शुरू की जाएगी। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले निकायों को प्रोत्साहित किया जाएगा और साथ ही इस अभियान में लगे स्वच्छता मित्रों को भी सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पंचकूला में शहीद स्मारक सेक्टर-2 में विशेष श्रमदान अभियान ‘‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ‘‘ के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शहीद मेजर संदीप सांखला की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शहीद की माता मंजू कंवर का आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने विशेष श्रमदान अभियान के तहत श्रमदान किया और सभी समाजसेवी संस्थाओं, युवाओं, माताओं, बहनों और आम नागरिकों से इस स्वच्छता अभियान में अपना भरपूर सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होने कहा कि स्वच्छता के लिए एक घंटे का श्रमदान आज पूरे देश में किया जा रहा है। इसे एक दिन का अभियान मात्र न समझें बल्कि प्रतिदिन सफाई बनाएं रखें, तभी हमारा आस-पड़ोस, गांव-शहर व प्रदेश स्वच्छ हो पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला भी स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल आए इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-23 के डंपिंग ग्राउंड में पड़े लगभग डेढ़ लाख टन कचरे को उठाकर उसका उचित तरीके से निस्तारण किया जाएगा ताकि शहर और स्वच्छ व सुंदर बने। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनका संरक्षण भी करें। सरकार द्वारा 2014 से अब तक प्रदेश में 18 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। इस वर्ष भी 2 करोड़ 10 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने से जहां प्रदूषण कम होता है वहीं हरियाली होने से स्वच्छता और सुंदरता भी बढ़ती है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने शहरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया है। अगले 6 महीनों में प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छतम शहर बनाया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा कचरा संग्रहण और निस्तारण के कार्य को एक मिशन मोड में किया जा रहा है। इस अवसर पर मेयर कुलभूषण गोयल, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक पंकज, उपायुक्त सतपाल शर्मा, नगर निगम पंचकूला के आयुक्त आरके सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



