हरियाणा में दूसरी सीईटी परीक्षा का आयोजन, 13.87 लाख युवाओं की भागीदारी, 9200 बसों से होगी व्यवस्था

चंडीगढ़, 18 जुलाई – हरियाणा सरकार ने युवाओं की मांग पर प्रदेश में दूसरी सीईटी परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस बार सीईटी ग्रुप-सी परीक्षा के लिए 13 लाख 87 हजार युवाओं ने आवेदन किया है। परीक्षा 26 और 27 जुलाई को आयोजित होगी। सरकार ने परीक्षा केंद्रों तक छात्रों को पहुंचाने और वापस लाने के लिए 9200 बसों की व्यवस्था की है, जिनमें हरियाणा रोडवेज के अलावा प्राइवेट स्कूलों की बसें भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए बस सेवा के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया जा रहा है, ताकि परीक्षा में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। खास बात यह है कि परीक्षा के दौरान युवतियों के साथ परिवार का एक सदस्य मुफ्त यात्रा कर सकता है, जिससे उनके लिए सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन में भ्रष्टाचार किया है और गरीब वर्ग को दरकिनार कर कुछ खास लोगों को अमीर बनाया। उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा के केस का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के कई मामले दिन के उजाले की तरह सामने आएंगे।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी सवाल
मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के पीछे दूसरी ताकतें काम कर रही हैं, जिनके कामों से मुख्यमंत्री भगवंत मान भी अनजान हैं।
अमेरिका का पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन पर कड़ा कदम
नायब सिंह सैनी ने अमेरिका द्वारा पाकिस्तान समर्थित ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ को विदेशी आतंकवादी संगठन और वैश्विक आतंकवादी की सूची में शामिल किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस संगठन ने पहलगाम आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी और इस तरह के कदम अन्य देशों को भी उठाने होंगे ताकि आतंकवाद का मुकाबला किया जा सके।



