Haryana

रिक्त पदों पर जल्द भर्ती, बेहतर चिकित्सा उपकरण होंगे हरियाणा के स्वास्थ्य केंद्रों में: मंत्री की समीक्षा बैठक

चंडीगढ़, 3 जून 2025:   हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चंडीगढ़ में कुरुक्षेत्र, अंबाला और कैथल जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं की मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक सुधारों के लिए ठोस रणनीति बनाई गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलों में रिक्त पदों, खासतौर से डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही खराब चिकित्सा उपकरणों की मरम्मत या उन्हें तुरंत बदलने और स्वास्थ्य केंद्रों के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में साफ-सुथरा और रोगी-अनुकूल माहौल सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

बैठक में एंबुलेंस सेवाओं की उपलब्धता और उपकरणों की कार्यक्षमता पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता है और सभी जिलों को समय पर व गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करनी होंगी।

आरती सिंह राव ने जिला स्तरीय स्वास्थ्य संकेतकों की समीक्षा करते हुए नियमित निगरानी, पारदर्शी डेटा रिपोर्टिंग और बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। बैठक में डीजीएचएस डॉ. मनीष बंसल, डॉ. कुलदीप सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button