हरियाणा में एक बार फिर बढ़ा तापमान, 16 अप्रैल की रात से बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी की चेतावनी

हरियाणा में गर्मी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। सिरसा 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि करनाल में भी तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 16 अप्रैल की रात से पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट लेगा।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी और उत्तरी जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी संभव है। हालांकि यह बदलाव अस्थायी रहेगा और 17 अप्रैल से फिर मौसम साफ हो जाएगा।
फसलों पर असर, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
तेज हवाओं के कारण किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर गेहूं और अन्य रबी फसलों को नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा गया है। आम नागरिकों को भी रात के समय सतर्क रहने और मौसम अपडेट चेक करते रहने की हिदायत दी गई है।
17 से 19 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी से गर्मी का असर तेज हो सकता है। अप्रैल के मध्य में इस तरह के बदलाव सामान्य माने जाते हैं, मगर लगातार बढ़ता तापमान चिंता का विषय बनता जा रहा है।



