लालू यादव को सिर्फ चारा खाना आता है, बिहार में BJP ही लहराएगी झंडा-अनिल विज

चंडीगढ़, 5 सितंबर 2025 — हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर अपने बेबाक बयानों से राजनीतिक गलियारों में गर्मी ला दी है। उन्होंने दावा किया है कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का परचम लहराएगा और जनता आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन को सबक सिखाने को तैयार है।
BJP करती है सकारात्मक राजनीति, आरजेडी को नहीं देंगे तवज्जो
मीडिया से बातचीत के दौरान विज ने कहा, देशभर के सभी राज्यों में बीजेपी का झंडा लहराया जा चुका है, सिर्फ तीन-चार राज्य ही बाकी हैं। बिहार में भी इस बार हमारा परचम लहराएगा क्योंकि हम सकारात्मक राजनीति करते हैं।
उन्होंने लालू प्रसाद यादव पर करारा प्रहार करते हुए कहा: “बिहार में क्या करना है, ये आरजेडी से नहीं पूछा जाएगा। जो तुम्हें (लालू यादव) आता है — चारा कैसे खाना है, नौकरी के बदले जमीन कैसे लेनी है, घोटाले कैसे करने हैं — वो हम नहीं सीखेंगे और न ही जनता को सीखने देंगे।”
बिहार की जनता कांग्रेस-आरजेडी को सबक सिखाने के लिए तैयार
विज ने आगे कहा कि कांग्रेस और आरजेडी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों को बिहार की जनता भूली नहीं है। “जो भाषा कांग्रेस-आरजेडी के मंचों से प्रधानमंत्री की मां के लिए इस्तेमाल की गई, वो बेहद शर्मनाक थी। बिहार के लोग इस बार वोट से करारा जवाब देंगे।”
केजरीवाल अब दिन में सोते हैं, रात में जागते हैं
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए अनिल विज ने कहा कि मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद उनका सारा रुटीन ही बदल गया है।अब ये दिन को सोते हैं और रात को जागते हैं। अगर दिन में जागते तो इन्हें मालूम होता कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और केंद्र सरकार पूरी मदद कर रही है।
सबका साथ, सबका विकास ही हमारा नारा है
पंजाब में बाढ़ राहत कार्यों पर बोलते हुए विज ने कहा:“जहां NDRF की जरूरत है वहां NDRF भेजी गई है, जहां SDRF की जरूरत है वहां SDRF भेजी गई है। अगर जरूरत पड़ी तो सेना को भी तैनात किया गया या स्टैंडबाय रखा गया है। हमारी सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करती।”



