
कुरुक्षेत्र, 29 मई 2025 – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आज देश के किसानों की जो स्थिति है, उसके लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदार कांग्रेस पार्टी है, जिसने 55 वर्षों तक सत्ता में रहते हुए किसानों की भलाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब केंद्र में एनडीए सरकार बनी, तभी से किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य शुरू हुआ। पीएम मोदी ने किसानों को विकसित भारत का स्तंभ मानते हुए एमएसपी, प्रत्यक्ष लाभ और तकनीकी सहायता जैसी योजनाओं के माध्यम से उनका जीवन स्तर ऊंचा उठाने का कार्य किया।
एमएसपी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार
मुख्यमंत्री ने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा घोषित एमएसपी (MSP) वृद्धि का स्वागत किया और प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल, खासकर कांग्रेस, हमेशा किसानों को गुमराह करती रही है। चुनावों के दौरान यह अफवाह फैलाई गई थी कि मोदी सरकार एमएसपी खत्म कर देगी, जबकि सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है – वर्ष 2014 से लगातार एमएसपी में बढ़ोतरी की जा रही है।
विपक्ष किसानों को गुमराह न करे: सैनी
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस को किसानों के हित में सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल की विफलताओं पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा, “विपक्ष के झूठे बयानों से किसानों में भ्रम फैलता है और इससे उनका नुकसान होता है। ऐसी राजनीति नहीं होनी चाहिए जो किसानों को नुकसान पहुंचाए।”



