HaryanaRayta Special

सरकार की अनदेखी से किसान बेहाल : अभय चौटाला का गंभीर आरोप

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर किसानों के प्रति उदासीनता और अनदेखी का आरोप लगाया है। चौटाला ने कहा कि किसान बड़ी मेहनत और भारी निवेश के बाद खेतों में फसल उगाते हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदाओं जैसे आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद हो जाती हैं।

उनका कहना है कि ऐसे समय में सरकार और उसके अधिकारी किसानों के हित में काम करने के बजाय मुआवजा राशि में बड़े पैमाने पर घोटाले कर रहे हैं। खासकर फतेहाबाद जिले में बारिश और आपदा से प्रभावित किसानों के मुआवजे में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है।

चौटाला ने बताया कि अधिकारियों ने किसानों के नाम बदलकर फर्जी खातों में मुआवजा राशि ट्रांसफर कर दी, जबकि असली किसान मुआवजा पाने से वंचित रह गए। इस घोटाले में नायब तहसीलदार, तहसीलदार, पटवारी सहित कई अधिकारी शामिल हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि यह साफ दर्शाता है कि सरकार किसानों की समस्या को नजरअंदाज कर भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण दे रही है। भ्रष्टाचार की जड़ें सरकार के विभिन्न विभागों में इतनी गहरी हो चुकी हैं कि किसानों का कोई भला नहीं हो रहा।

अभय चौटाला ने सरकार से आग्रह किया है कि किसानों के हित में त्वरित और सख्त कदम उठाए जाएं ताकि वे अपने हक से वंचित न रहें और भ्रष्टाचार का सफाया हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button