Haryana Vidhansabha Winter Session 2025 : कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव मंजूर, आज होगी चर्चा

Haryana Vidhansabha Winter Session 2025 : विधानसभा के शीतकालीन सत्र की पहले दिन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई। दोपहर लंच के बाद विधानसभा हरविंद्र कल्याण ने कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव चर्चा के लिए स्वीकार कर लिया। अध्यक्ष ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया है, जिस पर शुक्रवार 19 दिसंबर को दूसरी सिटिंग में चर्चा की जाएगी। विधानसभा में विधायकों की कम संख्या के बावजूद प्रमुख विपक्ष दल कांग्रेस सत्तारूढ़ भाजपा के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ गई।
विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस के 37 में से 35 विधायकों ने अपने हस्ताक्षर करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। दो विधायक मोहम्मद इलियास और विनेश फोगाट उस समय सदन में मौजूद नहीं थे। कांग्रेस का यह अविश्वास प्रस्ताव गिरना तय है। राज्य में भाजपा की सरकार 48 विधायकों के साथ पूर्ण बहुमत में है। 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 46 विधायक चाहिए। तीन निर्दलीय विधायक भी भाजपा के साथ हैं।
अविश्वास लाना हमारी जिम्मेदारी : हुड्डा
नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके विधायकों ने स्पीकर को सरकार के विरुद्ध दिए अविश्वास प्रस्ताव में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। वह हर मोर्चे पर विफल है। भले ही कांग्रेस के पास विधायकों का संख्या बल कम है, लेकिन जनता में विश्वास खो चुकी भाजपा के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाना हमारी जिम्मेदारी है।
इन मुद्दों पर अविश्वास प्रस्ताव
विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा और विधायक आफताब अहमद ने अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र को तंत्रलोक में बदल दिया है। मशीन और मशीनरी का दुरुपयोग कर बनी इस संवेदनहीन और संवादहीन सरकार पर लोगों का भरोसा नहीं रहा है। बढ़ते अपराध, नशा, बेरोजगारी, अशिक्षा, असमानता, दूषित पर्यावरण, किसानों की स्थिति, भय और भ्रष्टाचार, संगठित अपराधी गिरोह, खेल सुविधाओं की कमी, पेपर लीक, कोर्ट केस के बहाने भर्तियों को लटकाना, खेल स्टेडियमों का रखरखाव, चुनाव के दौरान फर्जी राशनकार्ड, वोट चोरी आदि।
विधानसभा में संख्या बल
कुल विधायक 90
बहुमत के लिए 46
भाजपा 48
निर्दलीय 03
कांग्रेस 37
इनेलो 02



