नाथ संप्रदाय के योगी सोमनाथ बाबा भोलानाथ डेरा के महन्थ बने

कुरुक्षेत्र। नाथ संप्रदाय के वरिष्ठ साधक एवं गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर के पूर्व योगाचार्य योगी सोमनाथ के सान्निध्य एवं आध्यात्मिक नेतृत्व में आज बाबा भोलानाथ डेरा (शिव जी का मंदिर), ग्राम जलबेहड़ा, तहसील पेहवा, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में नाथ संप्रदाय की परंपरा अनुसार चादर रस्म एवं चादर विधि का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर नाथ संप्रदाय एवं ग्राम जलबेहड़ा के समस्त ग्रामीणों की सर्वसम्मति से योगी सोमनाथ जी को बाबा भोलानाथ डेरा (शिव जी का मंदिर) का महंत नियुक्त किया गया। चादर विधि के माध्यम से उन्हें डेरा की आध्यात्मिक, धार्मिक एवं सामाजिक जिम्मेदारियाँ विधिवत रूप से सौंपी गईं। यह नियुक्ति पीर श्री शेरनाथ नाथ जी (सोंगल) की अध्यक्षता में नाथ संप्रदाय के संत-महंतों की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्यक्रम में गोरखपुर (हरियाणा) के महंत राजनाथ जी, बाबा जमीननाथ डेरे के महंत योगी गंगानाथ जी सहित नाथ संप्रदाय के अनेक साधु-संत, श्रद्धालु एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



